गुरुवार, 19 मार्च 2015

हॉलमार्क लगा सोने के भी पूरी तरह खरा होने की गारंटी नहीं

सोने पर लगा हॉलमार्क सिर्फ शुद्धता की गारंटी नहीं, भरोसे का भी प्रतीक है। लेकिन हॉलमार्किंग सेंटर्स इस भरोसे को तोड़ रहे हैं। जो सोना आप खरीद रहे हैं, वह पूरा खरा ही है, इसकी कोई गारंटी नहीं है। हॉलमार्क लगा होने के बावजूद नहीं। हॉलमार्किंग सेंटर्स 18 कैरेट सोने से बनी ज्वैलरी पर भी 22 कैरेट तक का हॉलमार्क लगा रहे हैं। इसका सीधा-सीधा नुकसान उपभोक्ताओं का ही है। भास्कर ने इस पूरे गोरखधंधे की पड़ताल की। स्टिंग ऑपरेशन के जरिए सच जाना। यह स्टिंग जयपुर में किया गया, लेकिन इससे जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है और पूरे देश का सच हो सकता है।

 

पहली बार भास्कर सामने लाया हॉलमार्किंग से ठगी का गणित

ठगी किस तरह- मुनाफा बढ़ाने को बिना जांचे हॉलमार्किंग
>कुछ ज्वैलर्स 18 कैरेट शुद्धता वाले स्वर्ण आभूषणों पर 22 कैरेट हॉलमार्क निशान लगाकर बेच रहे हैं।
>कुछ तो 22/20 कैरेट ज्वैलरी पर भी हॉलमार्क का ठप्पा लगाकर बेच रहे हैं, जबकि ऐसी ज्वैलरी पर हॉलमार्क हो ही नहीं सकता।
>हॉलमार्किंग सेंटर प्रति ज्वैलरी 25 रुपए का शुल्क लेते हैं। चूंकि ऐसे मुनाफा कम होता है, इसलिए सेंटर्स बिना शुद्धता जांचे ज्वैलर के मन मुताबिक हॉलमार्किंग कर देते हैं। बदले में ज्वैलर्स से ज्यादा चार्ज करते हैं।

 

हमने यूं पकड़ी...एक ठप्पे से 18 कैरेट का सोना बना 22 कैरेट का

> आभूषण कारोबारी सुरेंद मांधणा ने भास्कर के कहने पर सालासर हालमार्किंग सेंटर से एक अंगूठी पर हॉलमार्किंग कराई। 
> अंगूठी 18 कैरेट की थी, मांधणा के कहने पर उस पर 22 कैरेट हॉलमार्क लगा दिया गया। जांच-परख तक नहीं की। सिर्फ कीमत ले ली।

पकड़े जाने पर दी सफाई
संभव है कि गलती से किसी आभूषण पर गलत हॉलमार्किंग कर दी गई हो। -उदय सोनी, निदेशक, सालासर हॉलमार्किंग सेंटर

 

सरकार ने बीआईएस से मांगी रिपोर्ट

हॉलमार्किंग स्कीम 14 साल पहले शुरू हुई है। अब सरकार इसे कानूनी मान्यता देने जा रही है। इसके लिए ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस)  एक्ट में संशोधन होगा। उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार को बीआईएस एक्ट 1986 में संशोधन के बारे में सभी पक्षों से चर्चा की। पासवान ने पूछ- क्या अलग-अलग कैरेट के गोल्ड के लिए अलग-अलग रेट्स हैं? उन्होंने इस बारे में अफसरों से रिपोर्ट मांगी है। उन्‍होंने कहा, 'मैंने तो आज तक 18-24 कैरेट गोल्ड ही सुना था। 9 कैरेट गोल्ड भी होता है, पता नहीं था।'

शुद्धता की गारंटी देने वाले हॉलमार्क सेंटर तो ग्राहकों के साथ छल कर ही रहे हैं। मॉनिटरिंग के जिम्मेदार भी ‘सो’ रहे हैं। खुद ज्वैलर्स मानते हैं कि 22 कैरेट गोल्ड में ग्राहकों को 91.6% शुद्धता मिलनी चाहिए, लेकिन सिर्फ 88 फीसदी ही मिल पा रही है।

 

> ग्राहकों को हर माह 12 करोड़ रु. की चपत (केवल राजस्‍थान में) 
> 3500 से ज्यादा ज्वैलर्स राजस्थान भर में
> 300 के पास ही है हॉलमॉर्किंग लाइसेंस
> 70% हॉलमार्किंग दिल्ली में (जयपुर में बिकने वाली ज्वैलरी की)

 

हद तो तब... ज्वैलर नहीं ले रहे शुद्धता की गारंटी

कोयम्बटूर ज्वैलरी एसो. ने हाल ही कोर्ट में याचिका में कहा है कि शुद्धता की जवाबदेही हॉलमार्क सेंटर्स की होनी चाहिए। इसी आधार पर उन्हें उस नियम के खिलाफ स्टे मिला, जिसमें जिम्मेदारी ज्वैलर्स पर थी।

 

सेंटरों की ही है जिम्मेदारी

सोने में शुद्धता की जिम्मेदारी हॉलमार्किंग सेंटर्स की है। गड़बड़ियां वहीं हो रही हैं। -कैलाश मितल, अध्यक्ष, जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी

 

शिकायत नहीं मिलती
कुछ सेंटर बिना जांचे हॉलमार्किंग कर रहे हैं, पर उपभोक्ताओं से शिकायत नहीं मिलती। -ए. के सिन्हा, निदेशक,

बीआईएस, जयपुर

शुद्धता का यह है सच- 22 कैरेट में मिलनी चाहिए 91.3% शुद्धता, मिल रही 88%

राजस्‍थान की बात करें तो राज्‍य के आभूषण विक्रेता हर दिन औसतन 200 किलो सोने के आभूषण बेचते हैं। इनमें से लगभग बीस फीसदी यानी 40 किलो हाॅलमार्क ज्वैलरी होती है। आभूषण विक्रेताओं से बातचीत के आधार पर 22 कैरेट  हाॅलमार्क ज्वैलरी में सोने की शुद्धता 91.6% होनी चाहिए। लेकिन यह औसतन 88% ही बैठती है। ग्राहक को हर दस ग्राम आभूषणों की खरीद पर चार फीसदी यानी मौजूदा कीमतों पर 1,000 रु. का नुकसान होता है। ऐसेे में 40 किलो हाॅलमार्क ज्वैलरी की खरीद पर ग्राहकों को रोज 40 लाख रुपए की चपत लग रही है। इसके लिए बीआईएस और हालमार्क सेंटर जिम्मेदार है।

 

5 निशान देखकर खरीदें ज्वैलरी
1.    बीआईएस का त्रिकोण वाला लोगो।
2.    कैरेट का नंबर। यह प्रतिशत में लिखी होगी। उदाहरण के तौर पर-23 कैरेट ज्वैलरी पर लिखा होगा 958 यानी 95.8 फीसदी शुद्धता।
3.    हॉलमार्किंग सेंटर का लोगो।
4. जिस साल ज्वैलरी बनी उसका कोड।
5. ज्वैलरी शॉप का नाम।

http://m.bhaskar.com/news/referer/521/RAJ-JAI-sting-operation-of-fraud-in-gold-jewelry-4826333-PHO.html?pg=2

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें